Wednesday, October 5, 2011

क्या हिंदू क्या मुसलमान, यहां तो जीते हैं सिर्फ इंसान

http://www.bhaskar.com/article/UP-hindu---muslim-will-be-alert-to-the-politics-the-bad-news-for-you-2479075.html?HF-4=


 
फैजाबाद। नसीम खान वैसे तो अपनी छोटी सी सिलाई की दुकान की आय से संतुष्ट हैं लेकिन हर वर्ष दशहरा से पहले वह थोड़े से चिंतित हो जाते हैं। गांव में दशकों से हो रही रामलीला का आयोजन सुचारू रूप से हो सके इसलिए उन्हें बड़े पैमाने पर मिले काम लेकर ज्यादा पैसों का बंदोबस्त करना पड़ता है।

उत्तर प्रदेश के फैजाबाद जिले के मुमताज नगर गांव में नसीम की तरह दूसरे मुसलमान भी रामलीला के आयोजन में दिल खोलकर चंदा देकर सालों से चली आ रही इस परम्परा को संजोए हुए हैं। दशकों से मुसलमान इस रामलीला का आयोजन करते आ रहे हैं।

नसीम खान ने कहा, "हमें गर्व है कि हम इस तरह की परम्परा निभा रहे हैं, जो सही अर्थो में आपसी भाईचारे को मजबूत करती है। हर साल दशहरे पर जब हम लोग रामलीला का आयोजन करते हैं तो हम में ऐसी भावनाएं उमड़ती हैं कि जैसे हम ईश्वर की सेवा कर रहे हैं। आखिरकार हिंदू भाई भी तो उसी ईश्वर की संतान हैं।"

रामलीला का आयोजन रामलीला रामायण समिति के बैनर तले होता है। अब से करीब 47 साल पहले गांव के मुसलमानों ने मिलकर आपसी भाईचारे को मजबूत करने के उद्देश्य से इस समिति का गठन किया था। मुमताजनगर गांव की आबादी करीब 600 है जिसमें से तकरीबन 65 फीसदी मुसलमान समुदाय के लोग हैं।

समिति के अध्यक्ष माजिद अली ने कहा, "एक मुस्लिम बहुल गांव होने के मद्देनजर मुस्लिम त्योहारों के दौरान मुमताज नगर का महौल बहुत जीवंत और आकर्षक लगता था। गांव में हिंदुओं की आबादी को सीमित देखते हुए हमारे पूर्वजों ने सोचा कि उन्हें हिंदुओं के त्योहारों को बढ़ावा देने के लिए कुछ करना चाहिए। फिर उन्होंने 1963 में रामलीला के आयोजन की शुरुआत की, जो तब से लगातार जारी है।"

अली कहते हैं कि मुसलमान समुदाय के विभिन्न वर्गो के लोग इस समिति के सदस्य हैं। कम आय होने के बावजूद गांव के मुसलमान रामलीला के आयोजन में हर तरह से आर्थिक मदद देते हैं। जो लोग चंदा देने में असफल होते हैं वे रामलीला के आयोजन में श्रमदान देते हैं।

गांव के मुसलमान केवल आर्थिक सहयोग और श्रमदान के जरिए रामलीला के आयोजन तक ही खुद को सीमित नहीं रखते बल्कि वे इसमें अभिनय भी करते हैं। अली ने बताया, "हमारे भाई-बंधु राम, सीता और रावण जैसे रामलीला के मुख्य किरदारों के अलावा मंच पर अन्य कई महत्वपूर्ण किरदार निभाते हैं।"

इस साल यहां रामलीला की शुरुआत एक अक्टूबर से हुई है, जो आठ तारीख तक चलेगी। रामलीला का आयोजन शुरुआत से ही गांव के किनारे एक मैदान में होता आ रहा है। पहले रामलीला का मंचन अस्थाई मंच पर होता था लेकिन कुछ साल पहले आपसी सहयोग से वहां पर एक सीमेंट का मंच बना दिया गया है।

Monday, August 29, 2011

'माधोराम' के बारे में सुन वाह...वाह...कर उठेंगे आप!

'माधोराम' के बारे में सुन वाह...वाह...कर उठेंगे आप!

 
मुजफ्फरनगर। माधोराम शास्त्री साम्प्रदायिक सौहार्द का प्रतीक बन गए हैं। वह सभी हिंदू त्योहारों को मनाने के साथ मुस्लिम त्योहार भी मनाते हैं। पिछले दस वर्षो से रमजान के दौरान वह रोजा रखते आए हैं और इस बार भी रोजादारों में शामिल हैं।

माधोराम ईद से पहले हिंदू और मुसलमान भाइयों को अपने घर पर रोजा इफ्तार की दावत देते हैं। उनका कहना है कि सभी धर्मो का एक ही लक्ष्य है, इंसानियत को जीवित रखना यानी इंसानियत ही सबसे बड़ा धर्म है।

मुजफ्फरनगर के रैदासपुरी में रहने वाली माधोराम शास्त्री सींचपाल के पद से सेवानिवृत्त हुए हैं। उन्होंने बगैर किसी प्रचार के पिछले 10 वर्षो से एक अनूठी मुहिम चला रखी है। वह इस्लाम धर्म का समान कर उसके त्योहारों को उसी तरह मानते हैं, जिस तरह मुसलिम भाई मनाते हैं।

माधोराम ने पहले रोजे से ही पूरे नियम कायदे के साथ रोजा रखना शुरू कर दिया था। अब रमजान का महीना अपने अंतिम पड़ाव पर है। रोजे के दौरान वह पानी तक नहीं पीते। अपने मुस्लिम मित्रों से पूछकर वे रमजान में सभी क्रिया-कलाप कठोर नियमों के साथ करते हैं। वो नमाज से लेकर वजू तक को बहुत निकट से महसूस करते हैं। यही वजह है कि उनके मित्र उनकी काफी प्रशंसा करते हैं।

माधोराम के मित्र चाऊ मियां व उनके बेटे मजहर बताते हैं कि वे रमजान में उनके साथ ही बैठकर रोजा इफ्तारी करते हैं। उन्होंने रोजा रखने का विचार कुछ वर्षो पहले जब मुस्लिम मित्रों के सामने रखा तो वे भी आश्चर्य में डूब गए थे कि वह रोजा क्यों रखना चाहते हैं।

उन्होंने बताया कि वह हर धर्म का सम्मान करते हैं, इसलिए मुस्लिम धर्म व मुस्लिमों की भावनाओं की कद्र करने के लिए वह रोजा रखते हैं।

चाऊ मियां व उनके बेटे मजहर कहते हैं कि जब उन्होंने माधोराम को बताया कि रोजा रखने में काफी दिक्कतें आती हैं और कई नियमों को मानना पड़ता है। फिर भी माधो ने रोजा रखने की ठान ली। ऐसा अब वह हर साल बहुत खुशी-खुशी करते हैं। उनकी बस्ती रैदासपुरी के नागरिक भी उनकी इस पहल की प्रशंसा करते हैं। माधोराम तमाम हिंदू पर्व भी मनाते हैं।

नौकरी पूरी करने के बाद माधोराम समाजसेवा में लग गए हैं। ईश्वर-अल्लाह को वह हमेशा इंसानियत का पैगाम देने वाले मानते हैं। उनका कहना है कि वह हर धर्म का सम्मान करते हैं। ईश्वर और अल्लाह उन्हें अच्छी सेहत व बरकत दे रहे हैं। परिवार में हंसी-खुशी है। इस बार उन्होंने रमजान में अपनी इच्छा पूरी होने की मन्नत मांगी थी, जो पूरी हो गई है।

माधोराम अभी तक अपनी बस्ती से शहर-देहात में साइकिल पर घूमते थे। रमजान ने नई मोटरसाइकिल खरीदने की उनकी इच्छा पूरी कर दी है, अब वह रोजा इफ्तारी की तैयारी में लगे हैं। हजारों हिंदू-मुस्लिम भाइयों को कई पकवानों व दावतों के साथ इफ्तारी दी जाएगी। माधोराम के घर में ईद की भी तैयारी है। बच्चों के लिए कपड़े, खिलौने, जूते, खरीदे गए हैं। रमजान के बीच में ही परिवार में जन्माष्टमी का पर्व भी मनेगा। उनका पूरा परिवार बहुत खुश है, क्योंकि वे हर धर्म की अच्छी बातों को ग्रहण कर उसे अपने जीवन में उतार रहे हैं।


source :  http://www.bhaskar.com/article/UP-a-hindu-on-roza-like-muslims-2373889.html?HF-21=